जालंधर में सनसनीखेज वारदात
Punjab ujala news : जालंधर के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घर के पास खड़े युवक पर पहले ताबड़तोड़ फायर किए गए, जिसके बाद हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान काली, निवासी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के रूप में हुई है। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर मोहल्ले में रुकते ही गोलियां चलाने लगे और फिर युवक को बेरहमी से काटकर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वारदात के कथित मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है और उसके खिलाफ हत्या व तस्करी जैसे संगीन आरोप लग चुके हैं। बावजूद इसके, वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि घटनास्थल से कोई खाली खोल बरामद नहीं हुआ है। इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
