जेल इंटरव्यू मामले में सुरक्षा समीक्षा कमेटी का गठन
Punjab ujala news : पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जेल इंटरव्यू मामले में चल रही सुनवाई के दौरान DGP गौरव यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए और पिछले निर्देशों की पालना में अपना हलफनामा दायर किया। उन्होंने अदातल को बताया कि राज्य में सुरक्षा प्राप्त व्यक्तियों की समीक्षा करने के लिए 9 फरवरी को एक राज्य स्तरीय सुरक्षा समीक्षा कमेटी बनाई गई है जो 30 दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी और सुझाए गए उपायों को तुरंत लागू किया जाएगा।
FIR दर्ज करने में देरी पर SSP ने बिना शर्त माफी मांगी
सुनवाई के दौरान एस.एस.पी. मोहाली हरमनदीप सिंह हंस भी निजी तौर पर पेश हुए। उन्होंने जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स मोहाली में अदालती स्टाफ से मारपीट के मामले में एफ.आई.आर. दर्ज करने में देरी के लिए बिना शर्त माफी मांग और भरोसा दिलाया कि 15 दिन के अंदर सभी तथ्यों सहित सप्लीमेंट्री चालान दायर किया जाएगा।
अदालत ने मोहाली में कानून-व्यवस्था संबंधी किए उपायों की मांगी जानकारी
अदालत ने मोहाली में कानून-व्यवस्था के लिए किए गए उपायों के बारे में भी जानकारी मांगी। एस.एस.पी. ने बताया कि अपराध को कंट्रोल करने के लिए 300 अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और 21 विशेष नाके स्थापित करके 24 घंटे जांच और गश्त की जा रही है। एमिकस क्यूरी एडवोकेट तनु बेदी सेहत की वजह से पेश नहीं हो सकीं। अदालत ने उन्हें हलफनामे का अध्ययन करने के लिए समय देोते हुए मामले की आगे की सुनवाई 26 फरवरी तक टाल दी। इसके साथ ही राज्य को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संबंधी उपाय जारी रखने के निर्देश दिए।
