पंजाब में 2 महिलाओं सहित 6 तस्कर गिरफ्तार
punjab ujala news : सीएम मान के निर्देशों के चलते पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार, सीमा पार चल रहे नार्को-आतंक नेटवर्कों विरुद्ध बड़ी सफलता दर्ज करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 6 नशा तस्करों को 9.066 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार करके 2 और नशा तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने दी है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान हनी (18) निवासी गांव काले घनूपुर अमृतसर, परमदीप सिंह उर्फ़ पारस (18) निवासी जंडियाला गुरु अमृतसर, हरविंदर सिंह उर्फ हिंदा (19) निवासी जंडियाला गुरु अमृतसर, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (25) निवासी गांव डांडे अमृतसर, जसबीर कौर (40) निवासी गाँव ढाला तरनतारन और कुलविंदर कौर (54) निवासी गांव हवेलियां तरनतारन के रूप में हुई है। यह कार्रवाई अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मोगा स्थित जगप्रीत सिंह उर्फ़ जग्गा द्वारा चलाए जा रहे नशा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सहयोगी यासीन मुहम्मद को 7.1 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार करने के एक दिन बाद अमल में लाई गई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शुरुआती जांच से पता लगा है कि जंडियाला गुरु का रहने वाला हरप्रीत उर्फ हैप्पी जट्ट विदेशी गैंगस्टर के पाकिस्तान स्थित तस्करों से सीधे संबंध रखता था और वह सोशल मीडिया प्लेटफार्मों का इस्तेमाल कर इस नैटवर्क को चला रहा था। अधिकारी ने कहा कि इस संदर्भ में थाना छहर्टा में 2 अलग-अलग एफ.आई.आर. दर्ज की गई हैं और दोनों मामलों में व्यापक नैटवर्क और सीमा पार के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है।
