National : पीएम मोदी ने की सिंगापुर के प्रधानमंत्री से मुलाकात
Pujab ujala news : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर के अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग के साथ बृस्पतिवार को एक सार्थक बैठक की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया। मोदी वोंग के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं।
वोंग के साथ वार्ता से पहले मोदी का सिंगापुर संसद भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने वहां आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘संबंधों में एक नया अध्याय: व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने आज सिंगापुर में एक सार्थक बैठक की।’
उन्होंने कहा, ‘नेताओं ने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने उन्नत विनिर्माण, संपर्क सुविधा, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की व्यापक समीक्षा की।’
