पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर 328 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव: सिबिन सी
Punjab ujala news : पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने कहा है कि पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए कुल 328 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे, जबकि लोकसभा चुनाव-2014 में 253 उम्मीदवार चुनाव लड़े थे और 2019 में कुल 278 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था.
उन्होंने बताया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक कुल 25 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया है. इससे पहले, राज्य में 466 उम्मीदवारों ने 598 नामांकन पत्र दाखिल किए थे और कागजात के सत्यापन और पत्रों की वापसी के बाद, कुल उम्मीदवारों की संख्या 328 हो गई है, जिनमें 302 पुरुष और 26 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लुधियाना लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा 43 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.
अब जबकि यह स्पष्ट हो गया है कि कौन से उम्मीदवार मैदान में हैं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए भारत चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता का पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने उम्मीदवारों से दूसरों की आलोचना करते समय निराधार आरोप लगाने और विवादास्पद बयान देने से बचने को कहा।
