National : केजरीवाल के खिलाफ एनआईए जांच की सिफारिश
Punjab ujala news : जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ से कथित तौर पर धन प्राप्त करने के मामले में केजरीवाल के खिलाफ एनआईए जांच की सिफारिश की है। राजनिवास के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि एनआईए जांच की सिफारिश भाजपा के इशारे पर केजरीवाल के खिलाफ एक और साजिश है। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘वे (भाजपा) दिल्ली की सभी सात सीटें हार रहे हैं और लोकसभा चुनाव में हार के डर से घबराए हुए हैं।’
उपराज्यपाल सचिवालय ने इस संबंध में केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि उपराज्यपाल सक्सेना को शिकायत मिली थी कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप को कथित तौर पर देवेन्द्र पाल भुल्लर की रिहाई के लिए चरमपंथी खालिस्तानी समूहों से 1.6 करोड़ डॉलर की वित्तीय मदद मिली थी। उपराज्यपाल ने कहा, ‘शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के फॉरेंसिक परीक्षण सहित जांच की आवश्यकता है।’ पत्र में कहा गया है कि शिकायत एक मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई है और एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से प्राप्त धन से संबंधित है। अमृतसर जेल में बंद भुल्लर को 1993 में दिल्ली में एक बम विस्फोट में नौ लोगों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। उसे 25 अगस्त, 2001 को टाडा अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाई गई थी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा उसकी मौत की सजा कम किए जाने के बाद वह आजीवन कारावास काट रहा है।
आतंकी पन्नू के वीडियो से जुड़ा मामला : सूत्रों ने कहा कि शिकायत खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा जारी किए गए एक वीडियो से संबंधित है, जिसमें उसने आरोप लगाया कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप को 2014 और 2022 के बीच खालिस्तानी समूहों से 1.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर मिले।
