Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • पत्‍नी और 2 बच्‍च‍ियों को घर में बंद कर ज‍िंदा जलाया

पत्‍नी और 2 बच्‍च‍ियों को घर में बंद कर ज‍िंदा जलाया

Punjab ujala news : महाराष्ट्र के अहमदनगर शहर में आने वाले एक गांव से निर्ममता की हद दिखाने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक किसान ने अपनी पत्नी को दो नाबालिग बच्चियों के साथ घर में बंद कर जिंदा जला दिया और उनकी जान ले ली। 45 साल के किसान सुनील लांडगे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पत्नी ललिता की उम्र 35 साल थी। उनकी बड़ी बेटी साक्षी 14 तो छोटी खुशी केवल 1 साल की थी।

पुलिस के आने तक वहीं खड़ा रहा सुनील

सुनील ने इस घटना को बीते सोमवार की सुबह अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि सुबह 10.30 बजे उसने घर को बाहर से बंद कर लिया था और खिड़की से पेट्रोल छिड़का था। इसके बाद उसने घर को आग लगा दी थी। जब तक पड़ोसियों को महिला और बच्चों की चीख-पुकार सुनाई दी तब तक पूरा घर आग की लपटों में घिर चुका था। पुलिस ने बताया कि इसके बाद सुनील ने वहां से भागने की कोशिश भी नहीं की। जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची वह उसी जगह खड़ा रहा था।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सुनील को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। वह अक्सर उसके साथ मारपीट भी करता था। शनिवार की रात सुनील का पत्नी से झगड़ा हुआ था। इससे गुस्सा होकर उसने ललिता, साक्षी और खुशी को घर में बंद कर दिया और अपने एक संबंधी के यहां लड़ाई के बारे में बताने चला गया। सोमवार की सुबह वह पेट्रोल के कैन के साथ लौटा और इस वारदात को अंजाम दे दिया। बता दें कि सुनील के तीन और बच्चे भी हैं जो उसके भाई के साथ रहते हैं।