Search for:
  • Home/
  • India/
  • दिल्ली मेट्रो ने 3 स्टेशनों का गेट किया बंद, AAP की वजह से उठाया कदम

दिल्ली मेट्रो ने 3 स्टेशनों का गेट किया बंद, AAP की वजह से उठाया कदम

Punjab ujala news : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली मेट्रो ने पटेल चौक का एक गेट, सेंट्रल सेक्रेटेरियट और लोक कल्याण मार्ग का भी एक गेट एंट्री-एग्जिट के लिए बंद कर दिया है. डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के सुझाव पर यह कदम उठाया गया है.डीएमआरसी ने बयान जारी कर बताया, ‘सुरक्षा कारणों से, लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 5 पर प्रवेश/निकास अगली सूचना तक बंद रहेगा.’

बता दें कि दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने की योजना का ऐलान किया था. राय ने यह भी कहा था कि राष्ट्रव्यापी स्तर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा.

पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवायजरी
आप के इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने 7, लोक कल्याण मार्ग सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन की वजह से नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है.

इस बीच, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए सात मार्ग परिवर्तन बिंदु (डायवर्जन प्वाइंट) की व्यवस्था की है. एक अधिकारी ने कहा, ‘प्रदर्शन के मद्देनजर लोग मंगलवार को कमाल अतातुर्क मार्ग, सफदरजंग रोड, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग से गुजरने से बचें.’