जालंधर : पुलिस थाने में महिला से दुर्व्यवहार
जालंधर के शाहकोट पुलिस स्टेशन में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक प्रवासी महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा है कि उसे व उसकी 2 नाबालिग लड़कियों के साथ थाने में दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें 3 घंटे तक अवैध हिरासत में भी रखा गया है।महिला सुगंती देवी निवासी मोहल्ला न्यू करतार नगर, शाहकोट को पिछले काफी समय से एक व्यक्ति द्वारा परेशान किया जा रहा था। इसे लेकर पीड़िता ने एक शिकायत दी थी। जांच अधिकारी ASI सुरिंदर सिंह ने दोनों पक्षों को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया था।
दूसरे पक्ष के सामने ASI पर दुर्व्यवहार का आरोप है कि ASI ने प्रवासी महिला सुगंती देवी और उसकी दो नाबालिग लड़कियों को पहले अवैध तरीके से तीन घंटे तक थाने में रखा। बाद में दूसरे पक्ष के सामने महिला व उसकी लड़कियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही दुर्व्यवहार किया।
महिला ने डीएसपी शाहकोट को दी लिखित शिकायत पीड़ित महिला ने कहा कि ASI ने दूसरे पक्ष की मौजूदगी में अभद्रता की और मारपीट की कोशिश की। उन्होंने कहा कि ASI सुरिंदर सिंह ने दूसरे पक्ष का पक्ष लेकर उन्हें अपमानित किया है। डीएसपी शाहकोट नरिंदर सिंह औजला को ASI द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की लिखित शिकायत दी है।परिवार ने उक्त पुलिसकर्मी को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है। परिवार ने कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो डीएसपी कार्यालय के बाहर परिवार अपने समर्थकों के साथ धरना प्रदर्शन करेगा।
