Paytm के लिए बड़ा झटका, ED ने शुरू कर दी पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर लगे आरोपों की जांच
Punjab ujala news : पेटीएम को बड़ा झटका लगा है क्योंकि पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ लगे आरोपों की जांच एनफरोर्समेंट डायरेक्टोरेट यानी ईडी ने शुरू कर दी है. ईडी ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ आरंभिक जांच शुरू कर दी है और आज इस खबर के आने से पहले से पेटीएम के शेयरों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की जा चुकी थी.
पेटीएम के शेयरों में पहली बार मंगलवार को 400 रुपये से नीचे के लेवल देखे गए थे और आज तो ये 350 रुपये से भी नीचे चले गए हैं. पेटीएम के लिए इस समय चौतरफा मु्श्किलों का दौर नजर आ रहा है क्योंकि पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ कार्रवाई की किसी भी समीक्षा से रिजर्व बैंक ने सोमवार को ही इनकार कर दिया. इस तरह पेटीएम के लिए ये आस भी टूटती दिखी कि शायद आरबीआई अपने फैसले पर फिर से विचार करेगा.
आरबीआई ने क्या एक्शन लिया था-जानें
31 जनवरी की शाम पेटीएम के लिए एक बुरा सपना बनकर आई जब भारतीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक की ज्यादातर सेवाओं को 29 फरवरी के बाद से बंद करने का आदेश दे दिया. इसके तहत आरबीआई ने पेटीएम की यूनिट पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) को किसी भी कस्टमर अकाउंट, प्रीपेड प्रोडक्ट, वॉलेट और फास्टैग में 29 फरवरी 2024 के बाद डिपॉजिट या टॉप-अप स्वीकार ना करने का निर्देश दिया था.
