श्रीनगर में आतंकियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक शख्स की मौत
Punjab ujala news : जम्मू कश्मीर स्थित श्रीनगर में गुरुवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें एक सिख युवक को मौत के घाट उतार दिया गया. वारदात में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि अमृतसर के रहने वाले अमृतपाल सिंह को बुधवार शाम करीब सात बजे हब्बा कदल के शल्ला कदल इलाके में आतंकवादियों ने एके राइफल से नजदीक से गोली मार दी. उन्होंने कहा कि सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय रोहित नामक एक अन्य गैर-स्थानीय श्रमिक इस घटना में घायल हो गया. अधिकारियों ने बताया कि रोहित भी अमृतसर निवासी है. उसके पेट में गोलियां लगी थीं और उसका यहां एसएमएचएस अस्पताल में इलाज हो रहा है. पुलिस ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है. इस साल कश्मीर में किसी गैर स्थानीय पर आतंकियों द्वारा किया गया यह पहला हमला है. पिछले साल आतंकवादियों ने अनंतनाग और शोपियां जिलों सहित घाटी में गैर-स्थानीय श्रमिकों पर कई हमले किए थे.
