कल है 2000 रुपए के नोट बदलवाने का आखिरी दिन, जाने बैंक में कैसे बदले जाएंगे नोट
पंजाब उजाला न्यूज
कल है 2000 रुपए के नोट बदलवाने का आखिरी दिन, जाने बैंक में कैसे बदले जाएंगे नोट
नई दिल्ली (राहुल कश्यप)अगर आपके पास अभी भी 2000 रुपए के गुलाबी नोट हैं, तो इसे बदलवाने के लिए कल आखिरी मौका है। इसके बाद 2000 रुपए का नोट महज कागज का टुकड़ा रह जाएगा। इसलिए कल यानि 7 अक्टूबर दिन शनिवार को शाम तक 2000 रुपए के नोट बदलवाया जा सकता है।
रिजर्व बैंक आफ इंडिया (RBI) के आदेश के मुताबिक 2000 रुपए के नोट को बैंक में जमा करने या इसे दूसरे नोट से बदलने का 7 अक्टूबर आखिरी दिन है। इससे पहले आज यानी शुक्रवार को RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि 96% से ज्यादा 2000 रुपए के नोट बैंक में वापस आ गए हैं, जिनकी वैल्यू 3.43 लाख करोड़ रुपए है।
इसमें से 87% नोट को बैंक में जमा किया गया है। बाकी नोटों को दूसरे नोटों से एक्सचेंज किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी लगभग 12 हजार करोड़ रुपए के 2000 के नोट चलन में हैं, जिनका आना अभी बाकी है। इससे पहले नोट बदलने का आखिरी दिन 30 सितंबर था, लेकिन RBI ने आखिरी दिन इसकी मियाद 7 अक्टूबर 2023 कर दी थी।
बैंक में नोट जमा करने की डेडलाइन खत्म होने के बाद 2000 रुपए के नोट RBI के 19 इश्यू ऑफिस में नोट बदले या जमा किए जा सकेंगे। एक बार में 20 हजार रुपए तक के 2000 के नोट बदले जा सकेंगे। वहीं अगर इन्हें अपने बैंक अकाउंट में क्रेडिट करवाना है तो ₹2000 के कितने भी नोट इश्यू ऑफिस के जरिए जमा करवा सकते हैं।
कब आया था 2000 रुपए का नोट
2000 का नोट नवंबर 2016 में मार्केट में आया था। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 के नोट बंद करने का ऐलान किया था। इनकी जगह नए पैटर्न में 500 का नया नोट और 2000 का नोट जारी किया गया था। हालांकि RBI साल 2018-19 से 2000 के नोटों की छपाई बंद कर चुका है। वहीं 2021-22 में 38 करोड़ वेल्यू के 2000 के नोट नष्ट किए गए थे।।
