पंजाब की सियासत में बड़ा धमाका
Punjab ujala news : पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश की राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले 3 विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। कुंवर विजय प्रताप सिंह अमृतसर नॉर्थ, चेतन सिंह जौड़ामाजरा समाना और हरमीत सिंह पठानमाजरा सनौर विधानसभा सीट से विधायक थे।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की ओर से 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के तुरंत बाद इन विधायकों के इस्तीफे सामने आए हैं। समाना और सनौर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की ओर से नए हलका इंचार्ज भी नियुक्त किए गए थे। इसके बाद मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट मिलने को लेकर सवाल उठने लगे थे। दूसरी ओर, कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधानसभा स्पीकर को अपना इस्तीफा भेजते हुए राजनीति से ‘माई-बाप कल्चर’ खत्म करने को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया था।
उल्लेखनीय है कि जून 2025 में आम आदमी पार्टी ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कुंवर विजय प्रताप सिंह को 5 साल के लिए निलंबित कर दिया था। वहीं, आम आदमी पार्टी ने चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करवाने के लिए स्पीकर के पास जाने की बात कही है। तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने के इस घटनाक्रम को 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में भाजपा की राजनीतिक सक्रियता और आम आदमी पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिए नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
