Search for:
  • Home/
  • Punjab/
  • जालंधर में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर निगम का अल्टीमेटम

जालंधर में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर निगम का अल्टीमेटम

Punjab ujala news : निगम कमिश्नर सुरिंद्र सिंह के सख्त निर्देशों के बाद नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली तेज कर दी है। छुट्टियों के बावजूद शनिवार और रविवार को भी टैक्स जमा करवाने की व्यवस्था जारी रही। इसके चलते 3 दिनों में निगम ने करीब 3.50 करोड़ रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया। सोमवार को भी एक दिन में करीब 1.75 करोड़ रुपए की वसूली हुई।

निगम अधिकारियों द्वारा बनाई गई रणनीति के तहत प्रॉपर्टी टैक्स विभाग अब तक करीब 34 करोड़ रुपए की वसूली कर चुका है। विभाग का कहना है कि घरों और अन्य प्रॉपर्टीज के बाहर लगाए गए प्लेट नंबरों के कारण अब ज्यादातर प्रॉपर्टीज का रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध है। इसी रिकॉर्ड के आधार पर अक्तूबर महीने में टैक्स जमा न करवाने वाले डिफॉल्टर्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार 30 सितम्बर तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने वालों को 10 प्रतिशत रिबेट मिलेगी। इसके बाद यह रिबेट समाप्त हो जाएगी। वहीं टैक्स जमा न करवाने वाले डिफॉल्टर्स की प्रॉपर्टीज पर सीलिंग सहित अन्य कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रॉपर्टी टैक्स विभाग के सुपरिंटेंडेंट महीप सरीन, भुपिंदर सिंह और राजीव ऋषि सहित अन्य कर्मचारी लगातार फील्ड में जाकर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच और वसूली कर रहे हैं।