Punjab Police और गैंगस्टर के 3 गुर्गों के बीच मुठभेड़
Punjab ujala news : थाना वल्टोहा के अंतर्गत आते गांव आसल उताड़ में गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के तीन गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरा बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर की फायरिंग शुरू
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना वल्टोहा पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के गुर्गे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इसके चलते गांव आसल उताड़ पटरी के नजदीक नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन आरोपी लगातार पुलिस पर गोलियां चलाते रहे। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि उनका तीसरा साथी फरार हो गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह और सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एसएसपी सुरिंदर लांबा के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि उक्त आरोपी लोगों से फिरौती मांगकर इलाके में दहशत फैला रहे थे।
