विधायक और नगर निगम का Action
Punjab ujala news : शहर की जीवनरेखा कहे जाने वाले जगराों पुल को मजबूत और नया रूप देने के मकसद से लुधियाना सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर पप्पी, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने शनिवार को पुल और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। पंजाब सड़क सुरक्षा परिषद के सदस्य राहुल वर्मा, सुपरवाइजिंग इंजीनियर राहुल गगनेजा समेत अन्य अधिकारी भी इस निरीक्षण में मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुल की रिटेनिंग वॉल (सपोर्टिंग दीवार) के आसपास उगी जंगली झाड़ियां और पेड़ देखकर चिंता जताई। यह भी पाया गया कि चूहे पुल की दीवारों में छेद कर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को झाड़ियां और पेड़ हटाने और पुल (विश्वकर्मा चौक की ओर) के पास आर.सी.सी. रिटेनिंग वॉल बनाने का प्रोजेक्ट शुरू करने के आदेश दिए गए। साथ ही पुल की सड़कों (विश्वकर्मा चौक की तरफ) को चौड़ा करने की संभावना पर भी विचार करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, नगर निगम कमिश्नर डेचलवाल ने पुल पर सेंट्रल वर्ज और क्रैश बैरियर की मरम्मत या उन्हें दोबारा बनाने के आदेश दिए। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि ट्रैफिक लाइट के पास पुल पर पानी भरने की समस्या का स्थायी समाधान निकालें, क्योंकि इससे सड़क खराब हो जाती है।
