Search for:
  • Home/
  • International/
  • पुतिन से मुलाकात के बाद ट्रंप ने किया बड़ा खुलासा

पुतिन से मुलाकात के बाद ट्रंप ने किया बड़ा खुलासा

Punjab ujala news : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में एक अहम बैठक हुई। करीब 2 घंटे 45 मिनट चली इस मीटिंग में कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें रूस-यूक्रेन युद्ध सबसे अहम था। लेकिन इस मुलाकात के बाद जो सबसे चौंकाने वाला बयान आया, वो था भारत को लेकर।

भारत पर दबाव बना, रूस बातचीत को हुआ मजबूर: ट्रंप का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारत पर टैरिफ की धमकी ने रूस को बातचीत की मेज पर आने के लिए मजबूर कर दिया। ट्रंप ने बताया कि जब अमेरिका ने भारत को चेतावनी दी कि अगर वह रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करेगा तो उस पर भारी आयात शुल्क लगाया जाएगा, तब भारत ने धीरे-धीरे पीछे हटना शुरू कर दिया। ट्रंप के अनुसार, भारत रूस के लिए एक बड़ा और अहम ग्राहक था और जैसे ही भारत ने रूसी तेल से दूरी बनानी शुरू की, रूस को एक बड़ा झटका लगा। ट्रंप ने कहा, “जब हमने भारत से कहा कि आप रूस से तेल खरीदना बंद करें वरना भारी टैरिफ लगेगा, तो भारत को रूसी तेल से हाथ धोना पड़ा।” इसके बाद, पुतिन ने खुद पहल करते हुए फोन पर बात की और मिलने की इच्छा जताई। ट्रंप का मानना है कि यह अमेरिका की सख्त आर्थिक नीति का ही असर है कि रूस अब बातचीत के लिए तैयार हुआ है।

भारत की सख्त स्थिति: तेल खरीद में कोई रुकावट नहीं

ट्रंप के दावों के बावजूद भारत ने अपनी नीति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उसकी तेल खरीद पूरी तरह आर्थिक आधार पर तय होती है और रूस से तेल आयात पर कोई रोक नहीं लगी है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के चेयरमैन एएस साहनी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखकर ही तेल की खरीद करता है। साथ ही, विदेश मंत्रालय ने अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को अनुचित और एकतरफा करार दिया है। भारत ने साफ तौर पर कहा है कि उसकी प्राथमिकता अपनी ऊर्जा सुरक्षा को बनाए रखना है और इसी के आधार पर वह अपने फैसले लेगा।