Search for:
  • Home/
  • Punjab/
  • बुजुर्गों के लिए राहत भरी खबर

बुजुर्गों के लिए राहत भरी खबर

punjab ujala news : शहर के 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है। हैल्थ विभाग अब उनके घर-घर जाकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की तैयारी में है। इस योजना के पहले चरण में 1,874 बुजुर्गों की पहचान की गई है। इनमें कई ऐसे हैं जो अकेले रहते हैं तो कई अपने परिवार के साथ रहते हुए भी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। हैल्थ निदेशक डॉ. सुमन सिंह ने बताया कि ए.एन.एम. टीम ने हाल ही में शहर में यह सर्वे पूरा किया है। इसके बाद विभाग ने एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना का मकसद बुजुर्गों के स्वास्थ्य और मानसिक हौसले को मजबूत करना है। इस प्रोजेक्ट के तहत एक 5 सदस्यीय टीम बुजुर्गों के घर-घर जाएगी। इस टीम में डॉक्टर, स्टाफ नर्स, अटैंडैंट और एंबुलेंस सेवा शामिल होगी। यह टीम बुजुर्गों की नियमित जांच करेगी, खासकर ब्लड प्रैशर, डायबिटीज जैसी आम लेकिन गंभीर बीमारियों पर ध्यान देगी। जरूरत पड़ने पर मरीज को जी.एम.एस.एच.-16 (गवर्नमैंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल) में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए खास तौर पर बुजुर्गों के लिए समर्पित एंबुलेंस सेवा होगी।

असहाय और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता

हैल्थ निदेशक ने बताया कि इस योजना में सबसे पहले उन बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो बिल्कुल अकेले रहते हैं, चल-फिर नहीं सकते, दिव्यांग हैं या फिर बिस्तर पर ही पड़े रहते हैं। ऐसे असहाय और गंभीर मरीजों के लिए टीम न सिर्फ उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच करेगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर इलाज की हर सुविधा उनके घर तक पहुंचाएगी। मतलब अब इन बुजुर्गों को अस्पताल जाने की परेशानी नहीं होगी, बल्कि डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और एंबुलैंस सेवा सीधे उनके दरवाजे पर पहुंचेगी।