नौकरी के लिए नहीं जाना होगा बाहर, CM योगी का मास्टरप्लान
Punjab ujala news : बुंदेलखंड और पूर्वांचल को उत्तर प्रदेश के सबसे पिछड़े इलाकों के तौर पर देखा जाता था, लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इन इलाकों में विकास की गंगा बहाने के लिए कई प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल के औद्योगिक विकास के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। बुंदेलखंड को सोलर एनर्जी का हब बनने के साथ ही यहां डिफेंस कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा, सरकार नोएडा से भी बड़ा औद्योगिक कॉरिडोर बुंदेलखंड में बनाने जा रही है।
कनेक्टिविटी होगी और बेहतर
बुंदेलखंड और पूर्वांचल को लेकर प्रदेश की सरकार की जो योजना है, उससे आने वाले समय में इन इलाकों में नौकरियों की बरसात होना तय है। सरकार ने इन इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने पर भी काफी काम किया है। अब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को चित्रकूट से लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए जोड़ने की योजना है। इसके लिए CM ने 13 अरब रुपए की मंजूरी भी दे दी है। इस योजना के अमल में आने से न केवल बुंदेलखंड की तस्वीर बदलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा।
हर इलाके पर है नज़र
योगी सरकार की योजना कानपुर और झांसी के बीच 36 हजार एकड़ में नोएडा से भी बड़ा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बीडा यानी बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाने की है। इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम भी शुरू हो गया है। CM योगी आदित्यनाथ की नज़र प्रदेश के हर छोटे-बड़े इलाके पर है। वह सभी क्षेत्रों के लिए विकास के समान अवसर उत्पन्न करने पर काम कर रहे हैं। सरकार की पिछली कई योजनाएं बताती हैं कि यूपी के हर इलाके में काम हो रहा है।
